त्रिधारा न्यूज - 30मई हिन्दी पत्रकारिता दिवस के मौके पर उत्तरांचल प्रेस क्लब द्वारा प्रकाशित स्मारिका " गुलदस्ता" का विमोचन देहरादून में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने किया मौके पर सीएम ने उत्तरांचल प्रेस क्लब के सदस्यों तथा प्रदेश के सभी पत्रकारों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जनतांत्रिक व्यवस्था में पत्रकारिता को चतुर्थ स्तंभ के रूप में गौरवशाली स्थान प्राप्त है।
मुख्यमंत्री ने कहा पत्रकारिता वस्तुतः सत्ता और जनता के बीच एक सशक्त माध्यम की भूमिका निभाते हुए जनता की आवाज को सत्ता तक और सत्ता की योजनाओं की जानकारी जनता तक पहुंचाने के अत्यंत महत्वपूर्ण उत्तरदायित्व का सुचारु निर्वहन करती है। इसी से देश एवं प्रदेश के सर्वांगीण विकास का मार्ग प्रशस्त होता है तथा जन मानस में राष्ट्र निर्माण और जन कल्याण की भावना प्रबल होती है।मुख्यमंत्री ने कहा कि मीडिया लोकतंत्र का महत्वपूर्ण अंग है और मीडिया की राज्य के विकास में अहम भूमिका है। राज्य सरकार द्वारा भी पत्रकारों एवं उनके आश्रितों के कल्याण के लिए महत्वपूर्ण योजनाएं आरंभ की गई है।इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार भूपेंद्र सिंह कंडारी, सुरेंद्र सिंह डसीला, संदीप बडोला, मनीष डंगवाल,किशोर रावत, रमन जायसवाल आदि मौजूद रहे।
